कठुआ। राजीव गांधी मेमोरियल कॉलेज ऑफ एजूकेशन परिसर में चल रही चौथी राज्य स्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप में कठुआ और जम्मू के निशानेबाज एक दूसरे को कड़ी स्पर्धा दे रहे हैं। प्रतियोगिता के तीसरे दिन तक कुल सत्तर निशानेबाज खिलाड़ियों ने लक्ष्य भेदने के लिए निशाना लगाया।
चौथे और आखरी दिन यानी आज एयर राइफल और एयर पिस्टल स्पर्धाओं के विजेता उभरकर सामने आएंगे। पहले तीन दिनों के संघर्ष में कठुआ के खिलाड़ी जहां राइफल इवेंट में आगे चल रहे हैं वहीं पिस्टल इवेंट में जम्मू जिले का दबदबा बना हुआ है। ऐसे में ज्यादा संभावना है कि दोनों जिले शूटिंग स्पर्धा में अपना परचम फहराएं।
आयोजक एसोसिएशन के संयुक्त सचिव शरतचंद्र सिंह ने बताया कि चैंपियनशिप में सौ से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। तीसरे दिन तक सत्तर निशानेबाजों ने लक्ष्य पर निशाना साधा। सोमवार को समापन दिवस के दौरान विजेताओं और उपविजेताओं का फैसला किया जाएगा। वहीं जम्मू जिले से आए ज्यादातर खिलाड़ी डीपीएस जम्मू से संबंधित हैं। इसकी वजह डीपीएस के पास शूटिंग रेंज की सुविधा बताया जा रहा है।
आयोजकों ने बताया कि चैंपियनशिप की देखरेख जम्मू कश्मीर राइफल एसोसिएशन के प्रशिक्षक राजेशी विरदी की देखरेख में आयोजित किया जा रहा है, जबकि आयोजन में एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सोहन लाल शर्मा, उपाध्यक्ष किशोर कुमार बक्षी, पंकज डोगरा समेत अन्य पदाधिकारियों की भूमिका अहम है। आज समापन समारोह का समय बाद दोपहर तीन बजे निर्धारित किया गया है, जिसमें राज्य के उपमुख्यमंत्री ताराचंद के बतौर मुख्य अतिथि पहुंचने की संभावना है।