फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kathua News: धार कोटी योजना का 95 फीसदी काम पूरा, पेयजल आपूर्ति शीघ्र

विज्ञापन
धार कोटी परियोजना का चल रहा काम
विज्ञापन
धार कोटी की धरती पर अब उम्मीद की नमी उतरने वाली है। पांच वर्षों की लंबी प्रतीक्षा, योजना की बारीकियों और लगातार विभागीय निरीक्षणों के बाद अब वह घड़ी आ रही है, जब बिलावर के ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की किल्लत इतिहास बन जाएगी। योजना का 95 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। जल्द ही बिलावर के तीन सौ घरों को हर दिन एक घंटे शुद्ध पानी मिलेगा।
विज्ञापन

लगभग चार करोड़ रुपये की जल शक्ति विभाग की बहुप्रतीक्षित धार कोटी पेयजल आपूर्ति योजना का 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। पंपिंग रूम में मोटरें और मशीनरी स्थापित होने के बाद अब मुख्य रूप से पाइपलाइन बिछाने का कार्य शेष है। इसके लिए विभाग की ओर से आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस योजना के तहत एक महीन रेत में तैयार किए गए डगवेल से पानी खींचकर पहले 20,000 गैलन के संप टैंक में और फिर 50,000 गैलन क्षमता वाले मुख्य जलाशय में संग्रहित किया जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस योजना को पांच वर्ष पहले स्वीकृति मिली थी और इसमें लगभग चार करोड़ रुपये की लागत आई है। योजना के पूरा होने पर 300 से अधिक घरों को नए नल कनेक्शन दिए जाएंगे, जिससे क्षेत्र की एक बड़ी आबादी को लाभ मिलेगा।
विज्ञापन

स्थानीय निवासी प्रवीण सिंह, सुदेश कुमार, भूषण कुमार और अजय सिंह ने बताया कि अभी तक वे ग्रेविटी सिस्टम के भरोसे थे, जिससे उन्हें केवल आधे घंटे की जल आपूर्ति ही मिल पाती थी। इससे रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना बेहद मुश्किल होता था। उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि नई योजना से उन्हें अब हर दिन एक घंटे तक शुद्ध पानी मिलेगा।
विभाग के सहायक अभियंता शिव दर्शन ने बताया कि जल्द ही पाइपलाइन बिछाने के बाद जल परीक्षण का कार्य किया जाएगा। यह परीक्षण इसलिए महत्वपूर्ण है ताकि सप्लाई शुरू होने से पहले पानी की गुणवत्ता पूरी तरह से सुनिश्चित की जा सके। इस महत्वाकांक्षी योजना के जल्द पूरा होने की खबर से बिलावर के ग्रामीण इलाकों में खुशी की लहर है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें