बिलावर। बिलावर उपजिला में विभिन्न सड़क मार्गों पर धड़ल्ले से ओवरलोडिंग की जा रही है। यात्री अपनी जान को हथेली पर रखकर यात्री वाहनों की छत और सीढ़ियों पर लटककर सफर करते हैं। यह नजारा अधिकतर लिंक रूटों पर देखने को मिलता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रामकोट से परनाला तक जितने भी लिंक रूट पड़ते हैं। इनमें यात्री वाहन खास कर मेटाडोर की छत और सीढ़ियों के पीछे लटके हुए देखा जा सकता है। ट्रैफिक विभाग कभी कभार ही दिखाई देता है। पहले कई बार ओवरलोडिंग के चलते कई लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है। अधिकतर पहाड़ी इलाकों के लिंक रूटों पर ओवर लोडिंग के चलते कभी भी कोई हादसा हो सकता है, लेकिन इस बात को नजर अंदाज करते हुए ओवरलोडिंग की जा रही है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि इससे पहले कोई यात्री वाहन हादसे का शिकार हो, ट्रैफिक पुलिस को चाहिए कि वह ओवरलोडिंग पर नकेल कसें।