कठुआ। करीब तीन माह की लंबी हड़ताल के बाद भी पीएचई विभाग के सीपी वर्कर्स के हाथ खाली हैं। इस दौरान राज्यपाल शासन की तरफ से उनकी मांगों को सुनने तक की जहमत नहीं उठाई जा रही है, जिससे कर्मचारियों में भारी गुस्सा पनप रहा है।
बकाया वेतन और एसआरओ 520 के तहत स्थायी करने की मांग पर पीएचई सीपी वर्कर्स का धरना शुक्रवार को भी जारी रहा। पीएचपी सब डिवीजन कार्यालय में एकत्रित होकर वर्कर्स ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा वह इसी प्रकार हड़ताल करेंगे और रोज कार्यालय में धरना देंगे। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे शिव नारायण सिंह ने कहा कि ढाई महीनों से भी अधिक समय से वह अपनी मांगों के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। ढाई महीने से उन्होंने कार्यालय का कोई भी काम नहीं किया है और ना ही विभिन्न पंपिंग स्टेशनों पर जाकर उन्होंने अपनी ड्यूटी की है। बावजूद इसके उनकी किसी भी मांग पर गौर नहीं किया जा रहा है। वर्कर्स ने कहा कि एसआरओ 520 के तहत सरकार ने उन्हें स्थायी करने के लिए आश्वासन दिया था लेकिन यह आश्वासन भी केवल अफवाह बनकर रह गया। क्योंकि अभी तक एक भी कर्मचारी को इसके तहत पक्का नहीं किया गया है। प्रदर्शनकारी वर्करों ने कहा कि वह अपनी मांगों को लेकर हर स्तर पर हर अधिकारी और नेता से मिल चुके हैं लेकिन हर बार उन्हें केवल झूठे आश्वासन मिले। उन्होंने कहा कि पिछली बार भी जब उन्होंने हड़ताल की थी तो उन्हें आश्वासन दिया गया था, लेकिन इस बार जब तक मांगों को पूरा नहीं किया जाता, इसी प्रकार धरना जारी रखेंगे।