बिजली विभाग को अवैध कनेक्शनों और बिजली बिल न जमा करवाने वालों के खिलाफ अभियान तेज हो गया है। शुक्रवार को विभागीय टीम ने शहर के पारलीवंड इलाके में दबिश दी। इस मौके पर एक-एक कर कनेक्शनों और बकाया बिल की जांच करते हुए 70 घरों और दुकानों की बिजली को काट दिया गया।
इससे विभाग ने शुक्रवार को ही करीब दो लाख रुपये का राजस्व वसूल किया है। विभाग के सहायक कार्यकारी अभियंता गणेश कुमार ने बताया कि इलाके में अवैध कनेक्शनों के साथ बकायादारों पर कार्रवाई की गई है। कई ऐसे लोग हैं जिन्होंने पिछले कई वर्षों से बिजली का बिल नहीं चुकाया है। उनका बकाया हजारों में है।
महानपुर के विभिन्न गांवों में भी विभागीय टीम ने 40 कनेक्शन काट दिए। इसके साथ ही एक लाख 66 हजार राजस्व भी वसूला गया है। विभाग के सहायक कार्यकारी अभियंता सुनील शर्मा ने बताया कि कठाड़, धमलाड़ रैपर और नौशहरा में विभागीय टीम ने औचक निरीक्षण किया।
इस मौके पर जहां 10 हजार से अधिक बकाया वालों के कनेक्शन काटे गए हैं, वहीं अवैध कनेक्शनों को भी काट दिया गया है।
बनी में उपभोक्ताओं को डोर टू डोर जाकर जागरूक किया गया। विभाग के अधिकारी सुरजीत चौहान ने बताया कि अधिक बकाया वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई से पूर्व एक बार फिर एमनेस्टी स्कीम की जानकारी दी गई।