कठुआ। गुजरते साल की यादों में डूबकर और नए साल का जश्न मनाते युवाओं की टोलियां सोमवार की शाम से ही शहर के विभिन्न इलाकों में देखने को मिली। अंधेरा ढलने के साथ ही युवाओं ने शहर में डीजे और ढोल की थाप पर नाच का जश्न मनाया।
अधिकतर युवा सोमवार सुबह ही नया साल मनाने के लिए पहले से ही विभिन्न पर्यटन स्थलों का रुख कर गए हैं। इस बार पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हुई है और ऐसे में युवा खुश भी हैं। नए साल का जश्न मनाने के लिए वह पहाड़ी इलाकों की ओर जा चुके हैं। देर रात तक शहर के चौराहों पर युवाओं ने ढोल और डीजे की थान पर नए साल का जश्न मनाया। हर किसी को नए साल से नई उम्मीदें हैं और इसके साथ ही उन्होंने नए संकल्प भी किए। नववर्ष के आगमन से पूर्व ही शहर और सीमा से सटे इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। पुलिस ने विभिन्न जगह नाकेबंदी कर आने जाने वाले लोगों की जांच की। वहीं सीमावर्ती इलाकों में विशेष एहतियात बरती जा रही है। सीमा पर बीएसएफ जहां पाकिस्तान की हर हरकत पर नजर रखेे हुए हैं। सीमा से आने वाले सभी रूटों पर पहरा कड़ा कर दिया गया है। शहर के साथ संपर्क मार्गों पर भी पहरा बढ़ाया गया है। पुलिस के जवान वाहनों को रोककर गाड़ियां की डिग्गी खोलकर तलाशी लेते देखे गए।
पुरथू में पहुंचे पर्यटक
बसोहली। बसोहली में नववर्ष की पूर्व संख्या में युवाओं में जोश देखने को मिला। बसोहली नगर कमेटी के अध्यक्ष सुमेश सपोलिया ने पुरथू में पर्यटकों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर पर्यटकों ने पुरथू को विकसित करने के लिए सुझाव भी दिए। अध्यक्ष ने कहा कि उनके सुझाव को अमल में लाया जाएगा। देर रात रंजीत सागर झील के साथ सटे पुरथू इलाके में डीजे की धुन पर युवा जमकर थिरकते नजर आए। देर रात चारों ओर हो रही आतिशबाजी से पूरा आसमान मानों रोशनी से भर गया हो। सोमवार को लोग दिन में अपने-अपने तरीके से नव वर्ष को मनाने में जुटे रहे। ब्यूरो