रामकोट। कृषि विभाग के नगरोटा गुजरू जोन की ओर से मंगलवार को समग्र कृषि विकास कार्यक्रम के अंतर्गत 60 महिला किसानों को एक दिवसीय प्रशिक्षण के लिए पठानकोट रवाना किया गया। महिला किसानों के समूह को कृषि अधिकारी वरिंदर गुप्ता, संजीव कुमार गुप्ता और संजीव गुप्ता ने हरी झंडी दिखाई।
वरिंदर गुप्ता ने बताया कि महिला किसान कृषि विकास केंद्र पठानकोट में विभिन्न प्रकार की कृषि संबंधी तकनीकों की जानकारी हासिल करेंगी जिससे उन्हें पैदावार और अपनी आमदनी को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य आधुनिक कृषि को बढ़ावा देना है। एईए संजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि कृषि विभाग किसानों के हित में कई योजनाएं चला रहा है जिनका वे ज्यादा से ज्यादा लाभ ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग सब्सिडी पर किसानों को कई प्रकार के ऋण उपलब्ध करवाता है जिसका किसान फायदा उठा सकते हैं ।