संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। गणतंत्र दिवस पर जिला स्तर पर होने वाले समारोह की तैयारियां जोरशोर से जारी हैं। जिला खेल स्टेडियम में होने वाली परेड की रिहर्सल में विद्यार्थी भी सुरक्षा बलों के साथ कदमताल मिला रहे हैं। मंगलवार को परेड की रिहर्सल में पुलिस सहित 47 टुकड़ियों ने हिस्सा लिया।
स्टेडियम में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस, फॉरेस्ट प्रोटेक्शन फोर्स के जवानों, एनसीसी कैडेट्स के अलावा स्कूली विद्यार्थियों की टुकड़ियों ने पुलिस बैंड की धुन पर परेड का अभ्यास किया। इस संबंध में जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के जिला अधिकारी सुनील सिंह संब्याल ने बताया कि पुलिस ट्रेनिंग स्कूल की ओर से दिए जा रहे निर्देश पर टुकड़ियों ने जिला पुलिस के बैंड के साथ जमकर अभ्यास किया। इसमें पुलिस व सुरक्षा बलों की छह टुकड़ियां, एनसीसी सीनियर डिवीजन की छह, एनसीसी जूनियर डिवीजन की तीन, भारत स्कॉउट्स एंड गाइड की दो, विभिन्न स्कूलों की 26 और चार बैंड की टुकड़ियां शामिल रहीं। वहीं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की तैयारी भी स्कूलों में शुरू हो गई है।