कठुआ। जिले में कुल 54 हिंदू सम्मेलन होंगे। इसकी शुरुआत रविवार को मुखर्जी चौक स्थित श्री रघुनाथ मंदिर में विशाल हिंदू सम्मेलन के आयोजन से होगा। यह आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्षों की मंगलमय यात्रा के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। सम्मेलन में देशभर से आए संत-महात्मा समाज का मार्गदर्शन करेंगे।
इसकी जानकारी राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ में कठुआ विभाग के सदभावना प्रमुख दिवाकर शर्मा ने दी है। उन्होंने बताया कि संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर पूरे भारत में हिंदू सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में कठुआ जिले में कुल 54 हिंदू सम्मेलन होंगे। इनमें से पहला सम्मेलन श्री रघुनाथ मंदिर, मुखर्जी चौक से शुरू होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को एकजुट करते हैं और सनातन धर्म की रक्षा के संकल्प को मजबूत बनाते हैं। लिहाजा हमें इसमें ज्यादा से ज्यादा संख्या में शामिल होने की जरूरत है। सम्मेलन का आयोजन नरेश कुमार शर्मा की अध्यक्षता में दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक होगा। इसमें हिंदू समाज को अपनी संस्कृति, धर्म और धरोहर की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया जाएगा।
दिवाकर शर्मा ने कहा कि प्रभु का वंदन करने और सनातन धर्म की रक्षा के लिए समाज का सामूहिक प्रयास ही बड़ी शक्ति का परिचायक है। उन्होंने सभी धर्मप्रेमियों, महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों से परिवार सहित इस सम्मेलन में शामिल होने की अपील की।