विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र जारी करने की कवायद बुधवार को शुरू हो गई। कठुआ जिले की पांचों सीटों के लिए नामांकन दाखिले का पहला दिन केवल नामांकन पत्र लेने तक सीमित रहा।
बहरहाल किसी भी प्रत्याशी ने पहले दिन नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया है। सुबह ग्यारह बजे से ही जिले के पांच विधानसभा क्षेत्र में बनाए गए रिटर्निंग अफसर कार्यालय में नामांकन पत्र जारी करने की कवायद शुरू हो गई।
पहले दिन कठुआ जिले में कुल 52 नामांकन पत्र जारी किए गए। इनमें कठुआ विधानसभा क्षेत्र से सर्वाधिक 19 नामांकन पत्र लिए गए।
इसी तरह से बनी विधानसभा क्षेत्र के लिए नौ, बसोहली विधानसभा क्षेत्र के लिए नौ, बिलावर विधानसभा क्षेत्र के लिए भी नौ और हीरानगर विधानसभा क्षेत्र के लिए छह नामांकन पत्र जारी किए गए।
नामांकन पत्र जारी होने के बाद अब नामांकन पत्र दाखिल करने की कवायद शुरू होगी। इसके लिए संभावित प्रत्याशियों ने अपनी तैयारी कर ली है।
कठुआ विधानसभा क्षेत्र सहित जिले की पांचों सीटों पर चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे प्रत्याशी न सिर्फ नामांकन पत्र दाखिल करने की तिथि का निर्धारण कर चुके हैं बल्कि नामांकन दाखिले के बाद रोड शो से लेकर मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए रैलियों की भी तैयारी कर चुके हैं।
इसके लिए संभावित प्रत्याशियों ने अपने चुनावी कार्यक्रम की प्रशासन से अनुमति हासिल की है। गौरतलब है कि कठुआ जिले में विधानसभा चुनाव की कवायद पांचवें चरण के तहत होने जा रही है। रियासत में पांच चरणों के तहत प्रस्तावित चुनाव का यह आखिरी चरण निर्धारित किया गया है।