कठुआ। बकाया वेतन और डीपीसी करने की मांग को लेकर फीमेल हेल्थ वर्करों ने बुधवार को भी अपना धरना जारी रखा। इस दौरान उन्होंने साफ कहा कि जब तक उन की मांगें पूरी नहीं होंगी रोज इसी प्रकार धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि न तो किसी अभियान में हिस्सा लेंगी और न ही काम पर जाएंगी।
इस दौरान रजनी देवी, वीणा देवी ने कहा कि पिछले करीब दो सप्ताह से अधिक समय से वह हड़ताल पर हैं और विभाग का काम भी रुका हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य में एमआर वैकसीन के लिए अभियान चलाया जा रहा है और विभाग को इस अभियान के तहए उनकी आवश्यकता भी है लेकिन विभाग उनकी समस्याएं दूर करने के लिए गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि रोज अधिकारी उनके सामने से आते जाते हैं लेकिन उनकी मांगों पर गौर करने के लिए उनके पास भी समय नहीं है। उन्होंने कहा कि पांच महीने बिना वेतन के आखिर कोई कैसे काम कर सकता है। विभाग को इस बारे में सोचना चाहिए।