कठुआ। गर्मी के इस मौसम में सूर्य देव ने अपने ताप से झुलसाना शुरू कर दिया है। तापमान में लगातार हो रही वृद्धि से आम जनजीवन बेहाल होने लगा है। जिले में पारा 42 डिग्री के पार होने पर लोग ठंडे स्थानों पर बने पार्कों और जलस्रोतों के पास पहुंच गए। इस कारण रविवार दोपहर शहर की सड़कें और चौक-चौराहे सूने हो गए।
जून में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। करीब एक सप्ताह पूर्व हुई बारिश के बाद से तापमान में बढ़ोतरी का क्रम जारी है। इस कारण रविवार को 42 डिग्री के पार पहुंचे पारे ने लोगों को घरों में दुबकने के लिए मजबूर कर दिया। इस भीषण गर्मी में हो रही बिजली की अघोषित कटौती ने भी लोगों को और ज्यादा परेशान कर दिया।
शहर में लोगों से भरे रहने वाले मुखर्जी चौक और शहीदी चौक जैसे व्यस्त स्थानों पर भी रविवार दोपहर वीरानी छाई रही जबकि ड्रीमलैंड पार्क में मेले जैसी हालत रही। साप्ताहिक अवकाश होने के कारण रविवार को लोग परिवार के साथ नहर के ठंडे पानी में डुबकी लगाने चले गए। वहां देर शाम तक लोगों का जमावड़ा लगा रहा।
ड्रीमलैंड पार्क में दोपहर बार शुरू हुई लोगों की आमद देर शाम तक जारी रही। भीषण गर्मी से राहत पाने की चाह में महिलाएं, बच्चे और युवा भी पानी में अठखेलियां करते रहे। इस दौरान कई लोग परिवार के साथ ड्रीमलैंड पार्क पहुंचे और नहर के पानी में घंटों तक कई तरह के खेल सपरिवार खेलते नजर आए।
कई परिवारों ने रविवार को दिनभर ड्रीमलैंड पार्क में पिकनिक मनाई। इनमें से कई लोग खाने-पीने के सामान लेकर पार्क में पहुंचे। ऐसे लोग परिवार के साथ पेड़ों की छांव में जमीन पर बैठकर भोजन भोजन करते दिखे। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग देर शाम तक पार्क में घूमते रहे।
नदियों और प्राकृतिक जल स्रोतों पर पहुंचे लोग
बिलावर। इलाके में रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक रिकाॅर्ड किया गया। बढ़े तापमान और लू के थपेड़ों ने लोगों को बहाल कर दिया। इस कारण दोपहर में सार्वजनिक स्थलों पर सन्नाटा छा गया। गर्मी से बचने के लिए लोग नदियों और प्राकृतिक जल स्रोतों में नहाकर गर्मी से राहत पाने का प्रयास करते रहे। गर्मी से राहत पाने के लिए युवा घंटों तक नदियों में नहाते नजर आए। इलाके से बहने वाली नाज, उज और भीनी आदि नदियों में युवाओं को तैराकी का लुत्फ उठाते देखा गया।