जिले में डेंगू का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में डेंगू के 23 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही जिले में अब तक डेंगू के पॉजिटिव पाए जाने वाले मरीजों की संख्या 669 तक पहुंच गई है। इसमें 532 पूरी तरह से ठीक हो चुके है।
नए सामने आने वाले सभी 23 नए मामलों की पुष्टि जीएमसी कठुआ और जम्मू स्थिति निजी लैब द्वारा की गई है। इन मरीजों की उम्र 12 से 78 वर्ष के बीच बताई गई है, जो कि कठुआ शहर, हीरानगर, परोल, बिलावर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से है।
उधर, स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में मरीजों के घरों के अलावा आसपास के 500 से अधिक घरों में मच्छररोधी स्प्रे किया गया। इसके साथ ही जनजागरूकता अभियान भी चलाया गया ताकि लोग साफ-सफाई, पानी जमा न होने देना और मच्छरदानी का प्रयोग जैसे उपाय अपनाएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि वे बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द या त्वचा पर चकत्ते जैसे लक्षणों को हल्के में न लें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करवाएं। साथ ही, घरों और आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा न होने दें और मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के उपाय अपनाएं।