बरसात में भारी बाढ़ और बादल फटने से तबाह हुए सड़कों की बहाली के लिए केंद्र सरकार से मंजूरी मिल गई है। जिले भर की कुल 29 क्षतिग्रस्त सड़कों का प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत फिर से निर्माण किया जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार ने 78 करोड़ 98 लाख की राशि जारी की है। प्रदेश सरकार ने भी इसे अनुमोदित करते हुए प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस साल जिले की छह विधानसभा क्षेत्र में से चार पहाड़ी विधानसभा क्षेत्रों में बारिश ने भारी तबाही मचाई थी। इससे ज्यादातर सड़कें भारी मलबे के नीचे आने से क्षतिग्रस्त हो गई थीं या बह गई थीं। इसके चलते इन सड़कों को तुरंत बहाल करने की जनप्रतिनिधियों द्वारा मांग की गई थी। केंद्र सरकार मांग को स्वीकार करते हुए इनकी बहाली के लिए राशि जारी कर दी है। सबसे ज्यादा राशि बसोहली विधानसभा की नौ सड़कों के लिए कुल 34 करोड़ 45 लाख की राशि जारी की गई है। जबकि जसरोटा विधानसभा के लिए नौ मुख्य सड़कों के लिए 23 करोड़ 93 लाख की राशि मंजूर की गई है। वहीं बिलावर की छह सड़कों के लिए नौ करोड़ 55 लाख और बनी विधानसभा की पांच सड़कों के लिए 11 करोड़ से ज्यादा राशि केंद्र सरकार ने स्वीकृत की है।