जिले में दो दिन में डेंगू के 19 मरीजों के मिलने से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार इसमें महिलाएं, पुरुष और बुजुर्ग सभी आयु वर्ग के लोग शामिल हैं।
जिले में अब तक डेंगू के कुल 603 मरीज मिल चुके हैं। इसमें 453 मरीज ठीक हो चुके हैं। जबकि अन्य मरीजों का विभाग की देखरेख उपचार किया जा रहा है। जिले में तेजी से बढ़ रहे डेंगू के मामले जहां लोगों को परेशान कर रहे है, वहीं स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है। विभाग के अनुसार नए मरीजों के सामने आने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए है। जहां मरीज के घर आसपास के पचास अन्य घरों में मच्छररोधी दवा का छिड़काव करने के अलावा लोगों को बचाव की जानकारी दी गई है। जबकि लोगों का कहना है कि विभाग की ओर से न तो पर्याप्त फॉगिंग की जा रही है, न ही संवेदनशील इलाकों में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। कई मोहल्लों में जलभराव और गंदगी की स्थिति जस की तस बनी हुई है, जो डेंगू मच्छरों के पनपने के मुख्य कारण है।