कठुआ। पंचायत चुनाव के छठे चरण के तहत शनिवार को वोट डाले जाएंगे। जिला कठुआ के मढ़ीन, हीरानगर और कठुआ ब्लाक की 53 पंचायतों में चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को जिला उपायुक्त कठुआ रोहित खजूरिया, जिला उपचुनाव अधिकारी चांद किशोर शर्मा और एसीआर जितेंद्र मिश्रा के साथ एसपी कठुआ श्रीधर पाटील की देखरेख में पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों की ओर रवाना किया गया। राजकीय डिग्री कॉलेज से 413 पोलिंग पार्टियों को रवाना करते हुए जिला उपायुक्त ने सभी इंतजामों को सुनिश्चित करते हुए जरूरी हिदायत भी जारी की।
छठे चरण में कठुआ की 18 में से 17 पंचायतों, हीरानगर की 14 और मढ़ीन की 22 पंचायतों में चुनाव होने जा रहा है। कठुआ ब्लाक की गोविंदसर बी पंचायत में हाई कोर्ट के निर्देश के बाद चुनाव पर रोका लगाई गई है। अन्य 17 पंचायतों से सरपंच के लिए 82 तो वहीं पंच के लिए 292 उम्मीदवार चुनाव मैदान हैं। इस ब्लाक से 16 पंच निर्विरोध चुनाव जीत चुके हैं। उधर, हीरानगर ब्लाक की 14 पंचायतों से सरपंच के लिए 70 और पंच के लिए 256 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इस ब्लाक से 18 उम्मीदवार निर्विरोध जीत दर्ज करवा चुके हैं। मढ़ीन ब्लाक की 22 पंचायतों से सरपंच के लिए 111 और पंच के लिए 331 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं जबकि 41 पंच पहले ही निर्विरोध जीत चुके हैं। छठे चरण में कुल 75 पंच निर्विरोध चुने जा चुेे हैं। सरपंचलों के लिए 97228 तो वहीं पंचों के लिए 81421 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
......................................