- जिला कठुआ में अब तक मिल चुके 376 मरीज, जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने किया जागरूकता कार्यक्रमों का निरीक्षण
- डेंगू अलर्ट का लोगो लगाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले में लगातार चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम के बावजूद डेंगू के बढ़ते मामलों पर अंकुश नहीं लग पा रहा। शुक्रवार को जिले में डेंगू के 18 नए मरीज मिलने की पुष्टि जिला स्वास्थ्य विभाग ने की है। इसके साथ ही जिले में अब कुल मरीजों की संख्या 376 तक पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार नए आए 18 मामलों में कठुआ शहर की वार्ड नंबर 10 में 52 वर्षीय व्यक्ति, वार्ड सात में 22 वर्षीय युवक व 70 वर्षीय बुजुर्ग, शिवानगर में 29 वर्षीय महिला, वार्ड 10 में छह वर्षीय बालिका, कालीबाड़ी में 30 वर्षीय व्यक्ति, 14 वर्षीय किशोर व 16 वर्षीय युवती, वार्ड चार में 44 वर्षीय व्यक्ति, वार्ड छह में एक पांच वर्षीय बालिका की टेस्ट रिपोर्ट डेंगू पॉजीटिव आई है।
इसके अलावा हीरानगर के जांडी में 22 वर्षीय युवक, बरनोटी में 32 वर्षीय व्यक्ति, जंगलोट में 25 वर्षीय युवक, मेला गांव में 37 वर्षीय महिला और नन्नन में 33 वर्षीय युवक के साथ लखनोट में 62 वर्षीय व्यक्ति डेंगू से ग्रस्त मिला है। बेकाबू होती स्थिति को देखते हुए जिला स्वास्थ्य अधिकारी उत्तमचंद ने शुक्रवार को शहर में विभिन्न स्थानों पर चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से बात करते हुए उन्हें स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करने की अपील की।
वहीं, जिले में डेंगू को नियंत्रित करने के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रम के संबंध में जिला मलेरिया अधिकारी सोहनलाल ने बताया कि विभाग की 12 टीमें लगातार लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ प्रभावित क्षेत्रों में एंटी लारवा दवा का स्प्रे कर रही हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को चलाए गए अभियान के दौरान 106 बुखार पीड़ितों के खून के सैंपल लिए गए हैं ताकि उनकी जांच करवाकर उनके रोग के लक्षण की पहचान की जा सके।
289 मरीज हो चुके स्वस्थ, सक्रिय केस 87
जिला मलेरिया अधिकारी सोहनलाल ने बताया कि अब तक पाए गए 376 डेंगू के मरीजों में 289 मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। डेंगू के 87 सक्रिय केस मौजूद है। इनमें से आठ मरीजों में छह मरीजों का उपचार जीएमसी कठुआ में किया जा रहा है जबकि एक का उपचार कठुआ के निजी अस्पताल में किया जा रहा है। वहीं, एक 10 वर्षीय बालिका को बेहतर उपचार के लिए जीएमसी जम्मू में भर्ती करवाया गया है।