कठुआ। उधमपुर-डोडा और जम्मू-पुंछ सीट से डोगरा स्वाभिमान संगठन पार्टी के प्रत्याशी चौधरी लाल सिंह को डोडा में हिरासत में लेने के बाद कठुआ में समर्थक भड़क उठे। उन्होंने इसे लोकतंत्र का मजाक बताते हुए शहीदी चौक और जिला सचिवालय के सामने रोड जाम कर प्रदर्शन किया। संगठन सदस्यों ने कहा कि चुनाव आयोग तमाशा देख रहा है, जबकि राज्य का प्रशासन भाजपा के इशारों पर नाच रहा है। उन्होंने कहा कि किश्तवाड़ में आतंकियों द्वारा आरएसएस नेता और उनके पीएसओ की निर्मम हत्या के बाद उनकी शव यात्रा में शामिल होने जा रहे लाल सिंह को एक सोची समझी साजिश के तहत हिरासत में लिया गया है।
संगठन के प्रवक्ता कीर्ति भूषण महाजन ने बताया कि धारा 144 सिर्फ डोगरा स्वाभीमान संगठन पार्टी के प्रत्याशी के लिए ही क्यों मान्य है। उन्हें हिरासत में लिया गया, जबकि भाजपा नेताओं के काफिलों को आगे जाने दिया गया। यहां तक कि लाल सिंह की 18 अप्रैल तक सभी कार्यक्रमों की अनुमति को भंग करने की जानकारी दी गई है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 11 अप्रैल को पहले चरण का चुनाव है और एक सोची समझी साजिश के तहत भाजपा के इशारे पर ऐसा किया गया है। पूर्व विधायक कांता अंदोत्रा ने कहा कि डोगरा स्वाभिमान संगठन पार्टी के समर्थकों के जोश को देख कर भाजपा घबराई हुई है और जानबूझ कर प्रत्याशी को हिरासत में लिया गया है। इसे पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक कतई बर्दाश्त नहीं करेेंगे।