कठुआ। कठुआ प्रीमियर लीग के छठे सीजन का आगाज शुक्रवार को हुआ। हालांकि बारिश के कारण पहला मैच नहीं हो सका और 4.2 ओवर के बाद ही मैच को रद्द करना पड़ा। उद्घाटन समारोह में एसएसपी कठुआ श्रीधर पाटिल मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित हुए। उनके साथ डीएसपी मुख्यालय निखिल रसगोत्रा भी उपस्थित हुए। पहला मैच एमसीसी कठुआ और बसोहली क्रिकेट क्लब के बीच खेला जाना था लेकिन बारिश ने इस मैच में बाधा डाली और मैच को रद्द करना पड़ा।
टॉस जीतकर एमसीसी कठुआ की टीम ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम की शुरुआत ठीक नहीं रही और दोनों सलामी बल्लेबाज आदित्य और मुनीश जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद राजन और योगेश अभी पारी को संभाल ही रहे थे कि बारिश ने बीच में बाधा डाली। इसके बाद लगातार हुई रिमझिम बारिश के कारण मैच को दोनों मैदानी अंपायरों के फैसले के बाद रद्द कर दिया गया। मैच रद्द होने से पूर्व 4.2 ओवर में एमसीसी कठुआ की टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 24 रन बना लिए थे। आयोजक कमेटी ने बताया कि शनिवार को भी मौसम साफ होने पर ही मुकाबला खेला जाएगा। अगर मौसम साफ होता है तो पहले सेशन में कोई मुकाबला नहीं होगा दूसरे सेशन में एक मैच खेला जाएगा।
टैलेंट हंट के रूप में हो प्रतियोगिता: एसएसपी
एसएसपी कठुआ श्रीधर पाटिल ने कहा कि कठुआ प्रीमियर लीग जिले की सबसे बड़ी प्रतियोगिता है। प्रतियोगिता से उभरते खिलाड़ियों को मंच दिया जा रहा है। उन्होंने आयोजक कमेटी के सदस्यों को इस प्रतियोगिता को एक टैलेंट हंट के रूप में आयोजित करने को कहा। उन्होंने कहा कि आयोजक कमेटी सभी 32 टीमों के खिलाड़ियों पर नजर रखें और इनमें से ही बाद में एक नई टीम बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का स्तर उठाने के लिए पुलिस भी उनका सहयोग करेगी।