कठुआ। कुछ दिन पूर्व हुई बारिश के बाद मौसम में नमी की मात्रा से अब परेशानी होने लगी है। कठुआ व आसपास के इलाकों में वीरवार को तापामन तो बहुत अधिक नहीं था लेकिन हवा में नमी की मात्रा के कारण पैदा हुई उमस ने लोगों को परेशान किया। जो कोई भी घर से बाहर आया पसीनेे से तरबतर रहा। हालांकि शाम को बारिश होने के कारण फिर मौसम सुहावना हो गया।
वीरवार सुबह दिन की साफ मौसम के साथ शुरुआत हुई। उसके बाद कुछ देर में ही यकायक तेज धूप और हवा में नमी के कारण उमस बढ़ने लगी। वीरवार को हवा में नमी की मात्रा चालीस प्रतिशत दर्ज की गई। शाम हुई तो लोगों ने ड्रीम लैंड पार्क की ओर रुख किया और उमस से राहत पाई। मौसम ने भी शाम को साथ दिया बादलों के घिर आने के साथ ही बारिश भी हुई। जिससे मौसम सुहावना हो गया। वीरवार को दिन का अधिकतम तापमान 37 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं गर्मी से राहत पाने के लिए लोग नहर के पानी में नहाने के लिए पहुंचे। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान बढ़ेगा और लोगों को गर्मी से परेशानी होगी।