कठुआ। नहर की सफाई का काम शुरू न करने पर गांव छन्न अरोड़ियां के ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग के खिलाफ शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नहर की बदहाली के लिए विभागीय लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया और चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नहर की सफाई का काम नहीं किया गया तो वह उग्र रुख अपनाने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व करते हुए केआर रैना ने कहा कि छन्न अरोड़ियां के पास सुआ संख्या एक से लेकर छन्न अरोड़ियां ढोल तक डेढ़ किलोमीटर सफाई की जानी थी, लेकिन विभाग ने अभी तक काम शुरू नहीं किया है। उन्होंने कहा कि सफाई करने के लिए विभाग ने ठेकेदार को काम दिया है, लेकिन अभी तक काम शुरू ही नहीं हुआ है। ऐसे में बैसाखी पर किस प्रकार विभाग किसानों को पानी मुहैया करवाएगा। उन्होंने कहा कि नहर के किनारे पूरी एक बस्ती है जिसमें सैंकड़ों लोग रहते हैं, लेकिन इस नहर की बदहाली को सुधारने के लिए उचित कदम नहीं उठाया गया है। ऐसे में यदि बैसाखी पर पानी छोड़ा गया और नहर की सफाई न होने के कारण लोगों के घरों में पानी आएगा। उन्होंने कहा कि अगर विभाग ने सफाई नहीं की तो वह सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत विभाग से सारी जानकारी जुटाएंगे और इस पूरी बदहाली के लिए दोषी लोगों के खिलाफ पीछे नहीं हटेंगे। इस मौके पर शिवराम, जगदीश चंद्र, जोगिंदर पाल, बंसी लाल, जनक राज, शकुंतला देवी, वीना देवी, चचंला देवी, लोकनाथ आदि मौजूद थे।