कठुआ। बढ़ती गर्मी के साथ आग लगने की घटनाओं में लगातार इजाफा होता जा रहा है। भीषण गर्मी के कारण सूख चुकी फसल और पेड़-पौधे आए दिन आग की भेंट चढ़ रहे हैं। वीरवार को जिला के दो अलग-अलग स्थानों में हुई आग लगने की घटना में हजारों रुपये कीमत की संपदा का नुकसान हुआ है।
पहली घटना बरनोटी के पास हुई, जहां अचानक लगने वाली आग से किसान रमेश सिंह की करीब 12 कनाल गेहूं की फसल राख में तब्दील हो गई है। दोपहर बाद भड़की आग को काबू करने के लिए लोगों ने इसकी सूचना फायर सर्विस को दी। लेकिन जब तक फायर सर्विस के जवान वहां पहुंचकर अपनी कार्रवाई शुरू करते आग ने बड़े क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया था। हालांकि जवानों ने आग को काबू कर आसपास होने वाले नुकसान को तो बचा लिया लेकिन रमेश सिंह की 12 कनाल फसल राख में तब्दील हो गई। इसके अलावा लोगेट मोड के पास वन विभाग की नर्सरी में शाम के समय अचानक आग लग गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने आग को काबू करने के लिए फायर सर्विस को मदद के लिए बुलाया। मौके पर पहुंचे जवानों से करीब एक घंटे लोगों की मदद से नर्सरी में फैली आग को काबू कर लिया।