कठुआ। फसल के नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजा न मिलने और स्वामीनाथन रिपोर्ट की सिफारिशों को लागू करने के लिए किसान आंदोलन करेंगे। इसके साथ ही केसीसी के माध्यम से हर साल बीमा के नाम पर हो रही कटौती को रोकने के लिए भी आंदोलन किया जाएगा। ये बातें बार्डर यूनाइटेड फ्रंट के नेता शिवदेव सिंह ने शुक्रवार को कहीं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से किसानों के साथ सरकार धोखा करती आ रही है। कभी मुआवजे के नाम पर तो कभी फसल बीमा योजना के नाम पर किसानों को लूटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में हुए नुकसान का मुआवजा हर राज्य के किसानों को मिला लेकिन जम्मू कश्मीर में किसानों को कुछ नहीं दिया गया, जबकि हर बार सर्वे करवाया जाता है। उन्होंने कहा कि फसल बीमा योजना के नाम पर केसीसी खातों से हर वर्ष 2800 रुपये काटे जा रहे हैं लेकिन मुआवजे के नाम पर अभी तक किसी को कुछ नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि आखिर किसान क्यों हर वर्ष बिना किसी कारण अपने पैसे कटवाएं। उन्होंने कहा कि किसानों की हालत आज अगर खबरा है तो सरकार की नीतियों के कारण ही है। स्वामीनाथन रिपोर्ट की सिफारिशों को लागू नहीं किया जा रहा जिस कारण से किसानों की हालत हर दिन के साथ खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा ही रहा तो आने वाले समय में किसानों को आंदोलन करना पड़ेगा। इस मौके पर तरसेम सिंह, श्याम सिंह, बलवान सिंह आदि उपस्थित रहे।