कठुआ। नगर परिषद कठुआ के अध्यक्ष पद के लिए घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस की टिकट पर निकाय चुनाव लड़ने वाले दो पार्षदों के के खिलाफ तीन पार्षदों ने मुख्य चुनाव अधिकारी जम्मू कश्मीर को आवेदन किया है। उन्होंने जम्मू कश्मीर म्यूनिसिपल एक्ट 2000 की धारा का हवाला देते हुए कांग्रेस छोड़ भाजपा में गए दोनों पार्षदों को नगर परिषद पार्षद से डिस्कवालिफाई करने की मांग की है। अमर उजाला के पास उपलब्ध आवेदन की प्रति के अनुसार दो निर्दलीय और एक अन्य राजनीतिक पार्टी के पार्षद ने मुख्य चुनाव अधिकारी जम्मू कश्मीर को लिखा है। जिसमें बताया गया है कि पांच प्रत्याशी कांग्रेस की टिकट पर जीतकर पार्षद बने थे जिसके बाद उनमें से दो भाजपा राज्य अध्यक्ष रविंद्र रैणा और पूर्व डिप्टी सीएम कविंद्र गुप्ता की मौजूदगी में 29 अक्टूबर को कांग्रेस छोड़ भाजपा शामिल हो गए थे। चूंकि उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया है ऐसे में जम्मू कश्मीर म्यूनिसिपल एक्ट 2000 की धारा का हवाला दिया गया है कि यदि निकाय का कोई सदस्य पार्टी की सदस्यता छोड़ता है तो उसे निकाय से भी डिस्क्वालिफाई किया जाए।
उल्लेखनीय है कि कठुआ नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए दस नवंबर को दोपहर साढ़े बारह बजे मतदान होना है। शुक्रवार को नामांकन भरने का अंतिम दिन है। ऐसे में यह आवेदन अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए संकट भी बन सकता है।