बसोहली। दीपावली पर्व को लेकर बसोहली के बाजार पूरी तरह सज चुके हैं। लोगों ने दीपावली के लिए खरीदारी भी शुरू कर दी है। इससे कसबे के बाजार में चहल-पहल बढ़ गई है। दीपावली पर्व पर लोगों ने घरों की सफाई का काम शुरू कर दिया है। घरों पर रंग-रोगन और पुताई का काम चल रहा है। नगर के हलवाई भी मिठाइयां बनाने में व्यस्त हैं। कसबे के हलवाई अनिल शर्मा ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार बिक्री में तेजी है। मुख्य बाजारों में ही नहीं, गलियों में भी पटाखों के व अन्य सामान के स्टाल लगे हुए हैं। मिट्टी के दीये भी बिक्री भी जोरों पर है। दीया विक्रेता नरेश रैणा ने बताया कि बिजली के उपकरण ज्यादा चलन में आने से अब मिट्टी के दीये लोग कम खरीदते हैं। मिठाई के साथ ही लोग ड्राई फ्रूट भी जमकर खरीद रहे हैं। प्रशासन के आदेश को ठेंगा दिखाते हुए बहुत से लोग गली मुहल्लों में दुकानों पर पटाखे बेच रहे हैं, जबकि सिर्फ रामलीला मैदान में ही पटाखों का स्टाल लगाने की अनुमति है।