कठुआ। जिले में दिन प्रतिदिन डेंगू के नए मरीज सामने आ रहे हैं। शनिवार को 11 नए मामले आने के साथ अब कुल मरीजों की संख्या 460 तक पहुंच गई है। उधर, स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ एंटी लारवा दवा का छिड़काव कर रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक 11 नए मरीजों में तीन कठुआ शहर के हैं। इसमें एक 58 वर्षीय व्यक्ति, 19 वर्षीय युवती और 28 वर्षीय महिला डेंगू पॉजीटिव मिली है। इसके अलावा लच्छीपुर गांव में 20 वर्षीय युवक, खरोट में 35 वर्षीय व्यक्ति, हटली गांव में 30 वर्षीय और 35 वर्षीय महिला, हमीरपुर में 18 वर्षीय युवक और 31 वर्षीय व्यक्ति, परोल में 18 वर्षीय युवक के साथ खोख्याल में 25 वर्षीय युवा डेंगू ग्रस्त मिला है। अब तक पाए गए 460 मामलों में 370 मरीज पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 90 मरीजों में दो मरीजों को जीएमसी कठुआ में व अन्य को उनके घरों पर ही उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
जिला मलेरिया अधिकारी सोहन लाल बताया कि विभाग लगातार लोगों को डेंगू से बचाने का प्रयास कर रहा है। जगह-जगह जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन का क्रम जारी है। इसके साथ ही बुखार पीड़ितों के खून के सैंपल लिए जा रहे हैं ताकि उनकी आवश्यक जांच कराई जा सके। उन्होंने डेंगू से बचाव के लिए आम लोगों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।