जिले में पंद्रह दिन के भीतर ही डेंगू के ग्यारह मामले सामने आए हैं। वहीं इतने ही और लोगों के चपेट में आने की आशंका है। इस बार डेंगू के ज्यादातर मामले हटली मोड़ क्षेत्र के हैं। डेंगू से पीड़ित पहले मरीज की पुष्टि 19 सितंबर को हुई थी। जानकारी के अनुसार नगरी परोल से सटे पृथ्वी चक गांव के विजय कुमार(47) जिले में डेंगू के पहले मरीज हैं। जीएमसी जम्मू में इलाज के दौरान इसकी पुष्टि हुई। इसके बाद से लगातार मामले सामने आ रहे।
23 सितंबर को स्वास्थ्य विभाग की लैब रिपोर्ट ने पांच अन्य के डेंगू से पीड़ित होने की पुष्टि की। इनमें नगरी से सटे मीरपुर जग्गो गांव के राधे श्याम(32) को पिछले कई दिनों से तेज बुखार की शिकायत थी, जबकि हटली गांव की बिमला देवी को भी डेंगू के चपेट में आने की पुष्टि हुई। इसी दिन दो और मामले सामने आए। इनमें हटली से सटे महताबपुर के हरबंस सिंह और हटली के जीवन सिंह जो केमिकल इकाई में काम करते थे, उन्हें तेज बुखार की शिकायत पर जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
मकवाल बिलावर के खैराती लाल को भी डेंगू का डंक लगा, जो डिग्री कॉलेज कठुआ का छात्र है। विभाग ने एहतियातन आसपास के इलाकों में मेलाथियान स्प्रे करवाया है। हाल में नई रिपोर्ट में औद्योगिक क्षेत्र से सटे इलाके के जवाहर लाल, वार्ड तीन कठुआ के सुनील, हटली मोड़ के रणवीर, हटली मोड़ के कुनाल शर्मा और दुखत गांव हटली के लेखराज को भी डेंगूू पाजिटिव बताया गया।