आतंकियों ने सुरक्षा बलों को खुली चुनौती देते हुए दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा और कुलगाम जिले में ताबड़तोड़ बैंक लूट की दो और घटनाओं को अंजाम दिया। दोनों बैंकों से करीब साढ़े छह लाख रुपये लूट लिए।
घटना में नौ आतंकी शामिल रहे। इन घटनाओं के बाद इलाके में सर्च आपरेशन चलाया गया। ताबड़तोड़ बैंक लूट की घटनाओं ने सुरक्षा बलों के होश उड़ा दिए हैं। पुलिस ने लूट की घटनाओं की जांच शुरू कर दी है।
लूट की पहली घटना कुलगाम जिले के वाहिबुग स्थित इलाकाई देहाती बैंक की शाखा में हुई। पांच हथियारबंद आतंकियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। 4,92,800 रुपये लूटने के बाद आतंकी फरार हो गए। दूसरी घटना पुलवामा जिले के निहामा काकपोरा स्थित जेके बैंक की शाखा में हुई। हथियारों से लैस चार आतंकियों ने बैंक में घुसकर कर्मचारियों को आतंकित किया।
इसके बाद 1.60 लाख रुपये लूट लिए। पहले यहां से चार लाख रुपये लूटने की सूचना थी, लेकिन जांच-पड़ताल में यह राशि 1.60 लाख रुपये निकली। दोनों जगह लूट की घटना के बाद बैंक कर्मचारियों की सूचना पर पहुंचे सुरक्षा बलों ने आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर सर्च आपरेशन चलाया।