उमर अब्दुल्ला ने कहा कि यह गार्डन पर्यटकों को एक नया आकर्षण देने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। आमतौर पर पर्यटन सीजन की शुरुआत में बड़ी संख्या में लोग ट्यूलिप गार्डन देखने आते हैं, लेकिन इसके बाद के समय में पर्यटकों के लिए कोई खास आकर्षण नहीं था। इसी कमी को दूर करने और पर्यटन सीजन को नई रफ्तार देने के लिए क्राइसेंथेमम गार्डन तैयार किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साल की तुलना में इस बार गार्डन में काफी सुधार हुआ है और आने वाले समय में इसे और विकसित किया जाएगा। सरकार की कोशिश है कि हर साल यहां कुछ नया जोड़ा जाए, ताकि पर्यटकों को बार-बार आने का नया कारण मिले।
उन्होंने बताया कि ट्यूलिप गार्डन के लिए फूलों के बल्ब बार-बार विदेश से मंगवाने पड़ते हैं, जबकि क्राइसेंथेमम गार्डन में इस्तेमाल होने वाले पौधे स्थानीय स्तर पर ही तैयार किए जाते हैं। इन पौधों को यहीं उगाया और बढ़ाया जाता है। इससे गार्डन के विकास में स्थानीय संसाधनों का उपयोग हो रहा है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे गार्डन की खूबसूरती का आनंद लें, तस्वीरें खींचें और यहां से यादगार अनुभव लेकर लौटें।