जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा विभाग प्रदेश के सभी स्कूलों में टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ के लिए विशेष वैक्सीनेशन कैंप शुरू करने की तैयारी कर रहा है। विभाग दस जुलाई से वैक्सीनेशन शुरू करने की तैयारी में है। इसमें मोबाइल वैन स्कूलों में जाएंगी और लोगों को वैक्सीन लगेगी।
स्कूल खोलने से पहले विभाग सभी टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ को वैक्सीन लगवाने की तैयारी कर रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग के एक उच्च अधिकारी ने कहा कि विभाग प्रतिदिन कोविड के मामलों पर नजर रखा रहा है और पूरी तरह हालात सामान्य होने के बाद ही स्कूल खोलने का कोई विचार किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: टीकाकरण केंद्रों में वैक्सीन नहीं, लंबी लाइनों में घंटों इंतजार के बाद बैरंग लौट रहे लोग
हमारी पहली प्राथमिकता है कि टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ को पूरी तरह वैक्सीन लग जाए। इसको लेकर हमने योजना बनाई है स्कूलों में जाकर वैैक्सीन लगाई जाए। इसमें वैक्सीन लेकर मोबाइल वैन स्कूलों में जाएगी। जम्मू और कश्मीर संभाग के सभी स्कूलों को कवर किया जाएगा, ताकि स्कूल खोलने से पहले तक स्टाफ की सौ फीसदी वैक्सीनेशन हो सके।
उन्होंने बताया कि स्कूल खोलने पर फिलहाल कोई विचार नहीं है, लेकिन प्रतिदिन कोविड के मामलों पर नजर रख रहे हैं, अभी भी प्रतिदिन तीन से चार सौ तक मामले आ रहे हैं, ऐसे में अभी स्कूल खोलने पर कोई विचार नहीं है।