होटल प्रबंधन में अपना करियर बनने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है। अब ऐसे युवा जम्मू में होटल प्रबंधन में तीन वर्षीय डिग्री कोर्स कर सकेंगे। प्रदेश सरकार फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट (एफसीआई) जम्मू को होटल प्रबंधन संस्थान के स्तर पर अपग्रेड करेगा। अब प्रदेश के युवा 10+2 के बाद होटल प्रबंधन में तीन वर्षीय डिग्री कार्यक्रम कर सकेंगे जो राष्ट्रीय होटल प्रबंधन और खानपान प्रौद्योगिकी परिषद, केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय से संबद्ध होगा।
कौशल विकास विभाग के प्रधान सचिव डॉ. असगर हसन समून ने फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट (एफसीआई) जम्मू की 15वीं शासी निकाय बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान बैठक में निर्णय लिया कि एफसीआई को होटल प्रबंधन संस्थान के स्तर पर अपग्रेड करने का फैसला किया जाएगा। एफसीआई से डिग्री कोर्स करने बाद छात्र विदेश सहित देश के नामी होटलों में नौकरी पा सकेंगे।
यह भी पढ़ें- श्री अमरनाथ यात्रा: कश्मीर के ऐतिहासिक मंदिरों से पहुंचेगी अमरनाथ छड़ी मुबारक, 22 अगस्त को होंगे बाबा बर्फानी के दर्शन
इस दौरान बैठक में डॉ. सामून ने संस्थान से पास आउट प्रशिक्षुओं की नियुक्ति के साथ छात्रों को उद्योग के लिए फिट बनाने के लिए पाठ्यक्रम के अलावा सॉफ्ट स्किल्स को बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक में छात्रों की संस्थान तक सुविधाजनक यात्रा के लिए बस स्टैंड से बस शुरू करने का भी फैसला लिया गया।
बैठक में कौशल विकास विभाग में सचिव नाजिम जाई खान, प्रबंध निदेशक, जेकेटीडीसी, निसार अहमद वानी, निदेशक योजना पर्यटन, परवेज काकरू, प्रिंसिपल इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट श्रीनगर, काजी शब्बीर उपस्थित रहे।