10वीं और 12वीं कक्षा का परिणाम जारी हो चुका है। बच्चों को करियर से संबंधित विभिन्न विकल्पों के प्रति जागरूक करने के लिए स्कूल शिक्षा निदेशालय ने योजना बनाई है। विभाग की ओर से मंजिलें-करियर गाइडेंस पोर्टल की मदद से बच्चों को जागरूक किया जा रहा है।
निदेशालय ने संभाग के सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को हाई और हायर सेकेंडरी स्कूल प्रबंधकों को अधिक से अधिक बच्चों को इससे जोड़ने को कहा है, ताकि उन्हें बेहतर परामर्श मिल सके। जेके बोर्ड ने हाल ही 10वीं और 12वीं के परिणाम जारी किए हैं।
10वीं और 12वीं के बाद बच्चे किस क्षेत्र में करियर चुनें, कैसे और किन विषयों का चयन करें, कौन सी प्रतियोगिता परीक्षाएं दें, इसको लेकर उन्हें जागरूक और प्रेरित किया जाएगा। कोविड के कारण स्कूल बंद हैं, ऐसे में विभाग ऑनलाइन मोड पर बच्चों को करियर गाइडेंस दे रहा है।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: कोरोना की तीसरी लहर को दावत दे रही हैं ये लापरवाही, देखिए तस्वीरें
इसमें बच्चों के करियर के विभिन्न विकल्प, संकाय चुनने और भविष्य में उसमें रोजगार की संभावनाएं सहित अन्य पहलुओं पर जागरूक किया जा रहा है। पोर्टल का उपयोग करने के लिए बच्चों को जेकेबोस की साइट पर पंजीकरण नंबर दर्ज करना होगा, जिसके बाद वह इसका उपयोग कर सकेंगे। पोर्टल पर उन्हें करियर से संबंधित हर तरह की जानकारी मिलेगी। इसमें काउंसिल सेल संकाय और जिला नोडल अधिकारी भी अपनेे भूमिका निभाएंगे।