लोक निर्माण (पीडब्ल्यूडी, आरएंडबी) विभाग ने चालू वित्तीय वर्ष में जम्मू-कश्मीर में 6000 किलोमीटर सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है। इसी साल 8000 किलोमीटर सड़कों पर तालकोल बिछाया जाएगा। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को विभागीय अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर आरएंडबी विभाग के कामकाज की समीक्षा की।
एलजी ने उच्चाधिकारियों को जम्मू-कश्मीर के पुलों की सुरक्षा ऑडिट रिपोर्ट पर काम करते हुए तत्काल मरम्मत वाले पुलों पर प्राथमिकता पर काम करने को कहा है। अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2020-21 में पिछले पांच वर्ष की 1450 किमी की तुलना में 3167 किमी सड़क का निर्माण किया गया है।
इस साल पीएमजीएसवाई में 191 क्षेत्रों को जोड़ने वाली 4200 सड़क संपर्क, 237 सुस्त परियोजनाएं और 74 स्वास्थ्य बुनियादी ढांचा परियोजनाएं इस साल पूरी होंगी। विभाग जम्मू-कश्मीर में 41584 किमी सड़क संपर्क और 1343 पुलों के रखरखाव को देख रहा है। उपराज्यपाल ने कहा कि विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में अंतर यूटी सड़क नेटवर्क को मजबूत और विस्तारित करने के लिए ठोस प्रयास किए जाएं।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: प्रदेश में निवेश के लिए सामने आ रही कई बड़ी कंपनियां, नई औद्योगिक संपदाओं का होगा विस्तार
कार्य प्रगति पर नजर रखने के लिए फील्ड अधिकारी जमीनी स्तर पर दौरे बढ़ाकर बुनियादी ढांचे की गुणवत्ता और निरंतर निगरानी को सुनिश्चित बनाएं। उपराज्यपाल ने स्कूलों और कॉलेजों पर परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने को कहा। उपराज्यपाल को वन मंजूरी की स्थिति, स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे, ऑक्सीजन संयंत्रों की स्थापना की स्थिति और जम्मू कश्मीर में राष्ट्रीय राजमार्ग के बारे में अवगत कराया गया।