केंद्रीय मंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय व प्रदेश के नेता 28 जून को जम्मू में जुटेंगे। प्रदेश मुख्यालय में भाजपा ने बुलाई सेमी वर्चुअल प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से बुलाई गई सर्वदलीय बैठक के बाद अब भाजपा के राष्ट्रीय व प्रदेश के नेता, केंद्रीय मंत्री 28 जून को जम्मू में जुटेंगे। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पार्टी की तरफ से सेमी वर्चुअल प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई है।
विज्ञापन
सुबह दस से दोपहर तीन बजे तक होने वाली इस बैठक में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, प्रदेश सह प्रभारी आशीष सूद विशेष तौर पर मौजूद रहेंगे। इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना समेत पार्टी पदाधिकारी भी बैठक में उपस्थित होंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री की जम्मू-कश्मीर पर सर्वदलीय बैठक के बाद हो रही प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में खासतौर से प्रधानमंत्री की तरफ से जम्मू-कश्मीर के लिए की गई सियासी पहल का स्वागत किया जाएगा। इसके अलावा बैठक के एजेंडे में भाजपा जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत करने का संकल्प लेगी। वहीं जो ताकते पाकिस्तान और अलगाववाद की बात करती हैं उनका विरोध किया जाएगा।
कोरोना काल की वजह से सेमी वर्चुअल प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में कश्मीर इकाई के नेता वर्चुअल माध्यम से ही बैठक से जुड़ेंगे। इसके लिए जिलाध्यक्षों और जम्मू जिले को छोड़ अन्य जिलों के प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य भी वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़ेंगे। प्रदेश महासचिव एडवोकेट विबोध गुप्ता ने 28 जून को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में सेमी वर्चुअल प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक बुलाए जाने की पुष्टि की है।