उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों ने लश्कर के तीन आतंकी ढेर कर दिए। मुठभेड़ स्थल पर क्रास फायरिंग की चपेट में आने से बारह साल की बच्ची की मौत हो गई।
बच्ची का भाई और एक पुलिस कर्मी गोली लगने से जख्मी हो गए, जिन्हें अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। आतंकियाें की शिनाख्त नहीं हो पाई है। बहरहाल तीनाें के शव और उनके पास से हथियार बरामद कर लिए गए हैं। घंटों चले आपरेशन को तीनों आतंकियाें के मारे जाने की पुष्टि होने पर खत्म कर दिया गया, लेकिन एहतियात के तौर पर इलाके में सर्च जारी है।
पुलिस सूत्रों ने बताया, कुपवाड़ा के कलारूस जुगतयाल गांव में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिलने पर सुरक्षा बलाें ने सेना की 41 राष्ट्रीय रायफल्स, सीआरपीएफ की 98 बटालियन और जम्मू-कश्मीर पुलिस के एसओजी ने कार्डन एंड सर्च आपरेशन (सीएएसओ) चलाया। सुरक्षा बलाें का घेरा कड़ा होते देख आतंकियों ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।