दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम जिले के काजीगुंड में हथियारों से भरा बैग मिलने से सनसनी फैल गई। बैग में एक एके 47 राइफल, एक पिस्टल, पांच ग्रेनेड, बैटरी आदि थे। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया।
विज्ञापन
सुरक्षा बलों को इलाके के अखरान गांव में एक संदिग्ध बैग मिलने की सूचना मिली। इस सूचना के आधार पर 9 राष्ट्रीय राइफल्स तथा पुलिस ने अभियान चलाकर बैग बरामद की। बैग पापुलर के पेड़ों से घिरे मैदान में खुले में पड़ा था।
तलाशी लेने पर बैग में एक एके 47 राइफल, 48 गोलियां, एक पिस्टल, दो पिस्टल मैगजीन, चार हैंड ग्रेनेड, एक चाइनीज ग्रेनेड और तार के साथ बैटरी बरामद किया गया। सूत्रों का कहना है कि हथियारों की बरामदगी से बड़ी साजिश नाकाम हो गई है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ये हथियार यहां तक कैसे पहुंचे। इसे कहां और किस तक पहुंचाया जाना था।