उपभोक्ता मामले एवं जन वितरण मंत्री चौधरी जुल्फिकार अली ने कहा है कि रियासत में मुफ्ती मोहम्मद सईद फूड इंटाइटलमेंट स्केल (एमएमएसएफईएस) स्कीम जुलाई महीने से शुरू किया जाएगा। इसके तहत पांच किलो अतिरिक्त चावल प्रति व्यक्ति प्रति परिवार दिया जाएगा।
श्रीनगर में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मुफ्ती मोहम्मद सईद फूड इंटाइटलमेंट स्केल (एमएमएसएफईएस) स्कीम के तहत गेहूं 12 रुपये किलो, आटा 13 रुपये किलो और चावल 15 रुपये किलो के हिसाब से मिलेंगे।
उधर, श्रीनगर बैंक्वेट हाल में शुक्रवार को उपभोक्ता मामले एवं जन वितरण विभाग की कार्यशैली की समीक्षा करते हुए मंत्री ने नागरिकों को राशन मुहैया करवाने के लिए सरकार की वचनबद्धता पर जोर दिया है।
कहा कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम के लागू होने के बाद लोगों की समस्याओं को देखते हुए राज्य सरकार ने पुरानी राशन की स्केल के तहत प्रति परिवार 35 किलो राशन मुहैया करवाने के लिए नई योजना की तैयारी कर ली है।
उन्होंने कहा कि पारदर्शी व्यवस्था के लिए विभाग की सभी ट्रकों में जीपीएस सिस्टम लगा दिया गया है। इसके साथ ही सभी दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। कहा कि निकट भविष्य में घाटी में प्रयोगशाला की स्थापना की जाएगी जहां खाद्यान्नों की गुणवत्ता की जांच होगी।