मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के रत्सुन गांव में सेना और जम्मू कश्मीर पुलिस ने आतंकी संगठन हिज्बुल मुजाहिद्दीन का एक आतंकी धर दबोचा। पकड़े गए आतंकी से हथियार भी बरामद किए गए। आतंकी को पुलिस के हवाले कर दिया।
सैन्य सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात को इलाके में आतंकियों के छुपे होने की एक सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर बडगाम के रत्सुन गांव में सेना और जम्मू कश्मीर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया।
इस अभियान के दौरान उन्हें हिज्बुल मुजाहिदीन के एक जिंदा आतंकी को पकड़ने में सफलता हाथ लगी। पकडे़ गए आतंकी के पास से एक एके-56, दो एके-56 मैगजीन, 84 एके राउंड और एक चाइनीज ग्रेनेड बरामद किया गया।
इस बात की पुष्टि एसडीपीओ बडगाम सईद फैयाज अहमद ने की। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आतंकी की पहचान अब्दुल हमीद नाथ निवासी पेठ जानिगाम गांव जिला बडगाम के रूप में हुई है। पकड़ा गया आतंकी जिले में कई आतंकी घटनाओं को अंजाम देने में शामिल था।
गौरतलब है कि इसको लेकर एफआईआर भी दर्ज की गई है और पकडे़ गए आतंकी को पुलिस के हवाले किया गया है। पुलिस इससे पूछताछ कर रही है और उम्मीद है कि इससे संगठन के बारे कई अन्य राज मिल सकते हैं।