आतंकी संगठन हिज्बुल मुजाहिदीन के धमकी भरे पोस्टर एक बार फिर नजर आए हैं। पुलवामा के रतनीपोरा इलाके में ऐसे धमकी भरे पोस्टर मिलने से सनसनी फैल गई। हिज्ब ने पंचों तथा सरपंचों को अपने पदों से इस्तीफा देने तथा आगामी चुनावों में भाग न लेने की चेतावनी दी है। पुलिस ने धमकी भरे पोस्टर को जब्त कर लिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों का कहना है कि रविवार की सुबह रतनीपोरा इलाके में यह धमकी भरे पोस्टर दिखे। इसमें कहा गया है कि यदि पंचों तथा सरपंचों ने अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया तो गंभीर नतीजे होंगे। साथ ही भविष्य में होने वाले किसी चुनाव में हिस्सेदारी की या किसी भी राजनीतिक दल को समर्थन दिया तो उन्हें भुगतना पड़ सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर पोस्टरों को जब्त कर लिया। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की किसने पोस्टर चिपकाई है। पुलिस का कहना है कि यह किसी की शरारत है या फिर आतंकी संगठन ने ही पोस्टर चिपकाए हैं, इसकी जांच की जा रही है।
पहले भी मिले हैं धमकी भरे पोस्टर
हिज्ब के धमकी भरे पोस्टर इससे पहले भी कई बार इलाके में मिले हैं। पिछले साल विधानसभा चुनाव के दौरान भी इस प्रकार के पोस्टर चिपकाए गए थे। साथ ही सुरक्षा बलों का साथ न देने को चेताया था। मदिरा तथा अन्य कुरीतियों से दूर रहने की भी चेतावनी दी गई थी।