फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पाकिस्तान से भारतीय सीमा में घुसा विमान, हाई अलर्ट

Sat, 24 May 2014 01:07 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, जम्मू, श्रीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण का दिन नजदीक आने के साथ ही सीमा और एलओसी पर गतिविधियां एकाएक तेज हो गईं हैं। सेना हाई अलर्ट पर है। पिछले 24 घंटों में तीन आतंकी ठिकाने ध्वस्त किए गए। सुरक्षा एजेंसियों को इस तरह के टिप्स मिले हैं कि 26 मई को (इसी दिन मोदी प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे) आतंकी संगठन कश्मीर में धमाकों की साजिश रच रहे हैं।
विज्ञापन


इसके चलते सुरक्षा बलों और राज्य पुलिस ने सुरक्षा इंतजामों को और चौकस करना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को आरएस पुरा के अब्दुलियां सेक्टर में पाकिस्तानी सीमा से एक थाई विमान भारतीय सीमा में घुस आया।

हालांकि, बाद में सैन्य प्रवक्ता ने जानकारी दी कि इसकी इजाजत दी गई थी। उड़ी में प्रधानमंत्री सड़क निर्माण योजना के तहत बन रही सड़क के काम में पाकिस्तानी सेना ने अड़ंगा डालकर काम रुकवा दिया। बातचीत के बाद सड़क का काम फिर शुरू हो गया है।
विज्ञापन

तीन आतंकी ठिकाने ध्वस्त

सेना और पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को कश्मीर संभाग के बारामुला और कुपवाड़ा जिले में तीन आतंकी ठिकाने ध्वस्त किए। हालांकि, इस दौरान कोई आतंकी हाथ नहीं लगा। सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल एनएन जोशी ने कुपवाड़ा जिले में दो और बारामुला जिले में एक आतंकी ठिकाना ध्वस्त किए जाने की पुष्टि की।

बारामुला के पट्टन के पोशवानी इलाके में से सुरक्षा बलों को दो एके-47 राइफलें, तीन एके मैग्जीन, 79 राउंड, आरपीजी के तीन राउंड, 51एमएम का आरपीजी का एक राउंड, एक यूबीजीएल, यूबीजीएल के 13 राउंड, तीन आईईडी सर्किट, 100 ग्राम विस्फोटक, चार हैंड ग्रेनेड और कुछ अन्य सामान बरामद किया।

कुपवाड़ा के हंदवाड़ा इलाके के ओखापानपी वन क्षेत्र में आतंकी ठिकाने से एक कुंतल से अधिक राशन सामग्री, कुकिंग आयल और आतंकी ठिकाना निर्माण करने में काम आने वाला कुछ सामान बरामद किया। कुपवाड़ा जिले के बेसावली वन क्षेत्र में सेना की 17 पंजाब रेजीमेंट ने दो एके राइफलें, तीन एके मैगजीन, 221 एके राउंड, छह पिस्टल,  पिस्टल के 96 राउंड, आठ जैकेट और अन्य हथियारों के 80 राउंड बरामद किए।

पाक सेना ने सड़क निर्माण रुकवाया

सीमांत जिले बारामुला में एलओसी पर उड़ी सेक्टर के हथलंगा गांव में एलओसी पर तारबंदी से आगे वाले भारतीय क्षेत्र में जारी सड़क निर्माण को पाकिस्तानी सेना ने रुकवा दिया। यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई जा रही है।

स्थानीय प्रशासन का कहना है कि शुक्रवार को दोनों पक्षों के सैन्य अधिकारियों के बीच हुई बातचीत के बाद मामला फिलहाल सुलझ गया है। पाक सैन्य अधिकारियों के साथ हुई बैठक में भारतीय सैन्य अधिकारियों ने बताया कि सड़क का निर्माण कार्य भारतीय सेना की ओर से नहीं, बल्कि गांव की सुविधा के लिए प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत किया जा रहा है।

एलओसी पर कंटीले तारों के उस पार किए जा रहे निर्माण कार्य पर पाक सेना ने आपत्ति जताई गई थी, जिसके बाद इसको रोक दिया गया था। उड़ी के एसडीएम डॉ. अब्दुल शेख के अनुसार सदपोरा से हथलंगा के बीच 12 किमी लंबी सड़क बनाई जा रही है।

भारतीय सीमा में विमान घुसने से दहशत

शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय सीमा से सटे आरएस पुरा में पाकिस्तान से भारतीय सीमा में एक विमान घुस आया। इससे इलाके के लोगों में दहशत फैल गई। सुरक्षा एजेंसियां और सीमा पर तैनात जवान भी हरकत में आ गए।

सुबह करीब 10 बजे हुई इस घटना के कुछ देर बाद ही हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी कि भारतीय सीमा में घुसा विमान पाकिस्तान का नहीं बल्कि थाई एयरवेज का था।

सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष मेहता ने बताया कि मौसम खराब होने के चलते कुछ उड़ानों का ट्रैक बदला गया था। उन्होंने पाकिस्तान की ओर से वायु सीमा उल्लंघन किए जाने से इनकार करते हुए कहा कि यह अंतर्राष्ट्रीय उड़ान थी और इसकी एयर कंट्रोल रूम से इजाजत भी दी गई थी।
विज्ञापन

जीओसी ने लिया सुरक्षा का जायजा

सेना की उत्तरी कमान के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल संजीव चाचरा ने शुक्रवार को श्रीनगर पहुंचकर चिनार कार्प्स के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह सहित सेना के वरिष्ठ अफसरों से सुरक्षा और हालात का जायजा लिया।

दो दिन के कश्मीर संभाग के दौरे पर गए जीओसी चाचरा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से भी मुलाकात कर उन्हें सुरक्षा और नियंत्रण रेखा और उसके पार के हालात की जानकारी दी। सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल एनएन जोशी के मुताबिक शनिवार को जीओसी चाचरा राज्यपाल एनएन वोहरा से भी मुलाकात कर सकते हैं।

जीओसी का शनिवार को सीमांत इलाकों में स्थित भारतीय चौकियों पर जाना भी तय माना जा रहा है। वे वहां तैनात जवानों और अफसरों से भी मुलाकात करेंगे। लेफ्टिनेंट जनरल चाचरा की पत्नी एवं उत्तरी कमान आर्मी वाइव्स वेलपेयर ऐसोसिएशन की अध्यक्ष अंशुल चाचरा भी उनके साथ हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें