एलजी ने की उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सुरक्षा बलों को आतंकियों के खिलाफ सटीक और प्रभावी अभियान तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) को प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा के लिए लागू मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) की व्यापक समीक्षा करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने किया 10-10 लाख रुपये की सहायता का एलान
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कुलगाम हमले की कड़ी निंदा करते हुए मृतक दोनों मजदूरों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। यह राशि जिला प्रशासन द्वारा पहले घोषित 6-6 लाख रुपये की तत्काल सहायता के अतिरिक्त होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्दोष लोगों की हत्या बेहद दुखद और अमानवीय है तथा सरकार पीड़ित परिवारों के साथ हर कदम पर खड़ी है।
पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने इस घटना को सुरक्षा व्यवस्था में चूक का परिणाम बताते हुए कहा कि अमरनाथ यात्रा के दौरान भारी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद ऐसी घटना होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने भी मामले की गहन जांच कराने की मांग की।
सभी दलों ने की हमले की निंदा
कश्मीर के प्रमुख धार्मिक नेता मीरवाइज उमर फारूक सहित विभिन्न राजनीतिक दलों ने भी कुलगाम हमले की कड़ी निंदा की है। नेताओं ने इसे अमानवीय और कायराना हरकत बताते हुए हिंसा समाप्त करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की
शुक्रवार देर शाम कुलगाम के केलम इलाके स्थित एक ईंट-भट्ठे पर आतंकियों ने छत्तीसगढ़ के रहने वाले दो प्रवासी मजदूरों दीपक रात्रे और भूपेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और आतंकियों की तलाश जारी है।