पुंछ जिले की मेंढर तहसील के बालाकोट सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास जंगलों में रविवार को भीषण आग लग गई। सोमवार देर शाम तक भी आग को नहीं बुझाया जा सका था। जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान की तरफ हर साल गर्मियों ने जंगलों में आग लगा दी जाती है, जो धीरे-धीरे भारतीय क्षेत्र में फेंसिंग से सटे जंगलों को भी अपनी चपेट में ले लेती है।
आग लगाकर पाकिस्तान आतंकियों की घुसपैठ करवाने की कोशिश करता है। इस बार भी ऐसा ही हुआ। पहले पाकिस्तान की तरफ जंगलों में आग लगी, जो रविवार को फेंसिंग के पास भारतीय सीमा में स्थित जंगलों में भी फैल गई। सोमवार तक करीब सात किलोमीटर क्षेत्रफल में आग फैल चुकी थी।
आग के चलते दर्जन भर से ज्यादा बारूदी सुरंगों में विस्फोट भी हुए हैं, हालांकि इसमें किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है। आग बुझाने में वन विभाग के कर्मियों के साथ सेना के जवान भी लगे हुए हैं। हालांकि सोमवार देर शाम तक भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका था।