उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कश्मीरी छात्रों पर दर्ज देशद्रोह का मुकदमा वापस लेने के बाद भी कश्मीर में बवाल शांत नहीं हो रहा है।
शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद कई स्थानों पर घटना के विरोध में प्रदर्शन हुए। लाल चौक की ओर मार्च कर रहे जेकेएलएफ प्रमुख यासीन मलिक को उनके कई समर्थकों सहित गिरफ्तार कर लिया गया।
वहीं, मेरठ से वापस लौटे कश्मीरी छात्रों में से कुछ ने सुरक्षा कारणों से पढ़ाई के लिए मेरठ जाने से इंकार किया है।
शुक्रवार को संभाग के अन्य हिस्सों की तरह की नौहाटा में भी स्थानीय लोगों ने घटना के विरोध में जलूस निकाला। हिंसा पर उतारू भीड़ को पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर खदेड़ा।
उधर, कश्मीर विश्वविद्यालय में भी छात्रों द्वारा मेरठ की घटना के विरोध में प्रदर्शन किया गया। बारामूला, शोपियां गांदरबल तथा कई दूसरे स्थानों में भी लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।