फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भीषण मुठभेड़ में 3 सुरक्षाकर्मी शहीद, 2 आतंकी ढेर

विज्ञापन
विज्ञापन
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सेना और पुलिस के संयुक्त दल के साथ भीषण मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए। इस दौरान सेना का जईओसी काकानवारी और दो पुलिसकर्मी हेड कांस्टेबल मोहम्मद शफी व कांस्टेबल रियाज अहमद शहीद हो गए। तीन सुरक्षाकर्मियों के घायल होने की भी सूचना है। मारे गए दोनों आतंकियों का संबंध लश्कर-ए-तैयबा से बताया गया है।
विज्ञापन


मुठभेड़ के दौरान एक महिला भी घायल हो गई। माना जा रहा है कि आतंकी लोकसभा चुनावों में खूनखराबा करने के उद्देश्य से आए थे। उनके कब्जे से भारी मात्रा में गोला बारूद तथा विस्फोटक बरामद हुआ है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना की कड़ी निंदा की है। साथ ही शहीद सैन्य अफसर और पुलिसकर्मियों के परिवार वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

20 घंटों तक चली मुठभेड़

सोमवार शाम श्रीनगर से करीब 130 किमी दूर कुपवाड़ा जिले में कुपवाड़ा-चौकीबल मार्ग पर सेना और पुलिस को एक घर में कुछ आतंकियों के शरण लिए जाने की सूचना मिली। यह इलाका करालपोरा पुलिस थाने के अधीन आता है। सैन्य प्रवक्ता के अनुसार सूचना पर जवानों का दल घटनास्थल पर पहुंचा और घेराबंदी कर आतंकियों को हथियारों सहित आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। मौत सिर पर मंडराते देख आतंकियों ने जवानों पर गोलीबारी कर भागने का प्रयास किया। दोनों ओर से शुरू हुई गोलीबारी ने भीषण मुठभेड़ का रूप धारण कर लिया। यह सिलसिला मंगलवार दोपहर तक जारी रहा।

पुलिस के एक आला अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए हैं, जबकि सेना का एक नायब सूबेदार तथा दो पुलिस कर्मियों सहित तीन सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए। तीन सुरक्षा कर्मी घायल हुए हैं, जिन्हें सैन्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। शहीद पुलिस कर्मियों में हेड कांस्टेबल मो शफी तथा कांस्टेबल रियाज शामिल हैं। प्रवक्ता के अनुसार आतंकियों की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। करीब 20 घंटों तक चली मुठभेड़ दोपहर बाद समाप्त हो गई। मुठभेड़ के दौरान शाहा माली बेगम (पत्नी गफ्फार मीर) भी घायल हो गईं।
विज्ञापन

पुलिसकर्मी को गोली मार एके 47 ले भागा आतंकी

दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में मंगलवार सुबह आतंकी की गोली से एक पुलिसकर्मी गंभीर घायल हो गया। उसे शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज (स्किम्स) में भर्ती करवाया गया है। वारदात के बाद आतंकी उसकी एके 47 भी अपने साथ ले गया। लाल चौक इलाका स्थित एक मस्जिद के करीब आतंकी ने पुलिस कांस्टेबल के सिर में गोली मार दी। यह इलाका अनंतनाग पुलिस थाने के अधीन आता है। वारदात सुबह सवा दस बजे की बताई गई है। वारदात की सूचना पर पुलिस के एक दल के अलावा अतिरिक्त सुरक्षा बल के जवान भी घटनास्थल पर पहुंचे और हमलावर की तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक जुनैद के अनुसार घायल कांस्टेबल शब्बीर अहमद की हालत गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है।

शेरपोरा गांव से गोला बारूद बरामद
बारामूला जिले में सुरक्षा बलों ने कार्रवाई के दौरान आतंकी ठिकाने से भारी मात्रा में गोला बारूद बरामद किया। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार चंदूसा पुलिस थाने के अधीन आने वाले शेरपोरा गांव में जानवरों की ढोक में हथियारों को छिपा कर रखा गया था। सूचना मिलते ही सेना की 52 राष्ट्रीय रायफल्स तथा पुलिस का एक दल वहां पहुंचा और हथियारों को कब्जे में ले लिया। इनमें एक एके 47, दो मैगजीन तथा 50 गोलियां शामिल हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें