मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के चरार-ए-शरीफ इलाके में बुधवार को हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी ढेर कर दिया। सुरक्षा बलों के जवानों ने दो आतंकियों को घेर रखा है।
मारा गया आतंकी तौसीफ अहमद डार निवासी पारसू पुलवामा वांछित आंतकियों में से एक था। मुठभेड़ में एक नागरिक भी घायल हुआ है।
मध्य कश्मीर के डीआईजी एसए मुज्तबा ने बताया कि दोपहर को चरार-ए-शरीफ से करीब 10 किमी दूर डलसर इलाके में आतंकियों के छिपे होने की खबर मिली थी।
इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय रायफल्स और पुलिस का एक दल शाम तीन बजे वहां पहुंचा और इलाके की घेराबंदी कर ली।
जवानों ने आतंकियों से सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने गोलीबारी करते हुए भागने का प्रयास किया। इस पर जवानों ने जवाबी हमला बोल दिया, जिसमें एक आतंकी ढेर हो गया। बाकी बचे अभी इलाके में छिपे हुए हैं।
देर शाम तक सुरक्षा बलों की आतंकियों से मुठभेड़ जारी थी। रक्षा विभाग के प्रवक्ता एन एन जोशी के अनुसार एक एसएलआर, एसएलआर की 13 गोलियां, एक ग्रेनेड, औक एक पेन कार्ड बरामद हुआ है।
इस पेन कार्ड पर तौसिफ अहमद दार का नाम है जो पुलवामा का रहने वाला है। स्थानीय लोगों ने इस मुठभेड़ के विरोध में प्रदर्शन भी किया।