जम्मू से कटड़ा विद्युत इंजन रेल सेवा शुरू करने को लेकर रेलवे की तरफ से फिर से प्रयास तेज कर दिए हैं। रेलवे ने इसको लेकर जम्मू-कटड़ा ट्रैक पर ट्रायल शुरू कर दिया है। इसके अलावा सरकार के साथ बिजली को लेकर चल रही बातचीत के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। रेलवे की तरफ से इस महीने के अंत तक विद्युत इंजन से ट्रेन सीधे कटड़ा पहुंचेगी।
देश के विभिन्न हिस्सों से ट्रेनें विद्युत इंजन से जम्मू तक पहुंच रही हैं, लेकिन जम्मू से कटड़ा तक यह सेवा शुरू नहीं हो पाई है। हालांकि करीब दो वर्ष की कड़ी मशक्कत के बाद रेलवे ने जम्मू से कटड़ा तक विद्युत इंजन रेल सेवा शुरू करने को लेकर केबल व पोल बिछाने का काम पूरा लिया है, लेकिन काम पूरा होने के बाद इस पर विद्युत इंजन रेल सेवा शुरू नहीं हो पाई।
इसका कारण सरकार के साथ बिजली को लेकर बातचीत का सफल न होना था। सरकार की तरफ से बिजली न मिलने के कारण करीब तीन महीने तक यह काम अधर में ही लटका रहा, लेकिन अब रेलवे ने इस समस्या का हल निकाल दिया है, जिसके बाद एक बार फिर विद्युत इंजन रेल सेवा शुरू करने को लेकर काम शुरू हो गया है।
तीन दिन पहले रेलवे ने ट्रायल के तौर पर एक विद्युत इंजन को जम्मू से कटड़ा और कटड़ा से जम्मू तक चलाया है। यह ट्रायल लगभग कामयाब रहा है। अभी रेलवे ने और भी ट्रायल लेने हैं। सभी ट्रायल कामयाब होने के बाद रेलवे की तरफ से कटड़ा तक विद्युत इंजन रेल सेवा शुरू कर दी जाएगी। यह सेवा शुरू होने के बाद कटड़ा जाने वाली ट्रेनों का जम्मू में इंजन बदलने का झंझट खत्म हो जाएगा और सीधी ट्रेनें कटड़ा जाएगी।
सीनियर डीटीएम सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि बिजली मिलने को समस्या बनी हुई थी, जो कि हल हो चुकी है। ट्रायल भी कामयाब रहा है। पूरी उम्मीद है कि जल्द ही रेलवे की तरफ से कटड़ा तक विद्युत इंजन रेल सेवा शुरू कर दी जाएगी।