सोमवार की सुबह जम्मू-कश्मीर के भद्रवाह में एकबार फिर भूचाल आने से धरती डोल गयी। यहां भूकंप के तीन झटके लगे। पहला झटका सुबह के 6:30 बजे, दूसरा झटका 6:45 बजे और तीसरा झटका 6:48 बजे लगा।
भूकंप के इन झटकों से एक बार फिर लोगों में दहशत फैल गई है। इससे पहले इसी माह शनिवार को भूकंप के झटके लगे थे। जबकि मई माह में पहली तारीख को लगे भूकंप के झटकों से करोड़ों का नुकसान हुआ था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह लोगों की आंखें अभी पूरी तरह खुलीं भी नहीं थीं कि करीब साढ़े छह बजे अचानक धरती डोलने लगी। कुछ लोग तो घबराकर घरों से बाहर निकल आये।
इसके ठीक 15 मिनट बाद 6:45 बजे फिर भूकंप आया। इसकी तीव्रता रिएक्टर स्केल पर 3.5 मापी गयी। इस झटके के बाद तो लोगों बुरी तरह दहशत में आ गए।
अभी लोग कुछ और सोच पाते कि तीन मिनट बाद 6:48 पर एक झटका लगा। इन तीन झटकों के बाद मकान में पड़ी दरारें और चौड़ी हो गईं। हालांकि किसी प्रकार के जानी नुकसान का समाचार नहीं है।
उल्लेखनीय है कि पिछले शनिवार को भी भूकंप का झटका आया था। जबकि एक मई को आये भूकंप के झटकों से भद्रवाह, किश्तवाड़ और डोडा इलाके में करोड़ों का नुकसान हुआ था।