शहर की ज्यूल चौक पर शनिवार दोपहर को दो महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। पैसों को लेकर एक व्यक्ति को सड़क पर पीट दिया और उसके कपड़े तक फाड़ दिए गए। बाद में महिलाएं व्यक्ति को लेकर थाने पहुंच गई।
हालांकि अभी इसे लेकर कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है, लेकिन आधा घंटा चौक पर महिलाओं और व्यक्ति के बीच तमाशा होता रहा। व्यक्ति ने भी महिलाओं पर हाथ उठाया। बताया जाता है कि श्रीनगर की रहने वाली एक महिला अपनी सहेली के साथ कहीं जा रही थी।
ज्यूल चौक पहुंचने पर उसे एक व्यक्ति दिखा तो वह अपनी सहेली के साथ उस पर टूट पड़ी और दोनों ने उसे मारना शुरू कर दिया। महिला का कहना था कि उक्त व्यक्ति ने उसके बेटे का किसी बाहरी राज्य के शिक्षण संस्थान में दाखिला कराने के लिए हजारों रुपये लिए, लेकिन न तो उनके बेटे का दाखिला हुआ और न ही उक्त व्यक्ति उनके पैसे दे रहा है।
वह उसे कब से तलाश रही थी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पा रहा था। शनिवार को वह उन्हें ज्यूल चौक पर दिखा तो वह पहचान गई और उसे पकड़ लिया। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। महिलाओं ने पुलिस के सामने कहा कि उक्त व्यक्ति से अपने पैसे वापस चाहती हैं। हालांकि पुलिस ने इसे लेकर कोई केस दर्ज नहीं किया है।