पौनी। पौनी तहसील के अंतर्गत पड़ने वाले भारख क्षेत्र में एक महिला ने अपने पिता की राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। डबल बैरल राइफल की गोली महिला महिला के गले को चीरते हुए सिर के पिछले हिस्से से निकल गई।
बताया जाता है कि मृतका जुपिंदर कौर की करीब एक साल पहले ही मायके से कुछ ही दूरी पर रहने वाले सरबजीत सिंह से शादी हुई थी।जानकारी के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से जुपिंदर मायके में रह रही थी।
बुधवार की सुबह परिवार के सभी सदस्य काम में व्यस्त थे। इसी दौरान गोली चलने की आवाज जुपिंदर के कमरे की तरफ से सुनाई दी। परिवार के सभी सदस्य हड़बड़ा कर उधर भागे तो जुपिंदर अचेत खून से लथपथ पड़ी हुई थी।
उसके पास ही पिता परमजीत सिंह की डबल बैरल राइफल भी पड़ी थी। जुपिंदर की मौत हो चुकी थी। पुलिस को सूचना दी गई। पौनी पुलिस की एक टीम ने मृतका के शव को और राइफल को कब्जे में लिया।
एसएचओ संजय अबरोल के अनुसार मृतका के शव को उनके परिजनों को जरूरी औपचारिकताओं के बाद सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने धारा 174 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उसने आत्महत्या क्यों की इसकी जांच की जा रही है।