उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में एलओसी से सटे केरन सेक्टर में शुक्रवार को दूसरे दिन भी आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी रहा।
सेना पूरे इलाके को घेर कर संघन तलाशी ले रही है ताकि कोई भी आतंकी फरार नहीं हो सके। सैन्य सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक केरन सेक्टर के रव्थनाड दोमारी इलाके में वीरवार को जवानों को पीओके की ओर से आतंकियों का एक दल घुसपैठ करते नजर आया।
सीमा पर सतर्क जवानों ने तो पहले आतंकियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आतंकियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। जिस पर जवाबी कार्रवाई करते हुए जवानों ने एक आतंकी को ढेर कर दिया।
मारे गए आतंकी के पास से एक एके-47 राइफल भी बरामद की गई है। इस ऑपरेशन के दौरान सेना के दो जवान घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
दोनों जवानों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक दल में पांच से छह आतंकियों के होने की आशंका है। खबर लिखे जाने तक इलाके में ऑपरेशन जारी था।